Placeholder canvas

धारावाहिक रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल हुए बीजेपी में शामिल

टीवी धारावाहिक रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल बीजेपी में शामिल हो गए हैं। वहीं अरुण गोविल बीजेपी पार्टी में उस समय पर शामिल हुए हैं जब बीजेपी राम के सहारे बंगाल का विधानसभा चुनाव जीतने की कोशिश कर रही हैं।

रामायण में राम किरदार निभाने वाले अरुण गोविल गुरुवार को भाजपा में शामिल हुए हैं। गोविल ने भाजपा मुख्यालय भाजपा महासचिव अरुण सिंह और केंद्रीय मंत्री देबश्री चौधरी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करी। वहीं बीजेपी में शामिल होने के बाद गोविल ने कहा कि जय श्रीराम कहने से तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी की चिढ़ ने उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि ममता बनर्जी को जय श्रीराम कहने से एक तरह की एलर्जी है। उन्हें समझना चाहिए कि भगवान श्रीराम हमारे आदर्श हैं। गोविल ने कहा कि जय श्रीराम कहने में कुछ भी बुरा नहीं है। यह कोई राजनीतिक नारा नहीं है। यह हमारे लिए जीने का तरीका है। यह हमारी संस्कृति और संस्कार का प्रतिनिधित्व करता है।

वहीं भाजपा में उनका स्वागत करते हुए सिंह ने कहा कि गोविल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, गोविल ने रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाई थी। पिछले साल लॉकडाउन में जब शो का पुन‌र्प्रसारण किया गया तो इसे 7.7 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा।

इससे पहले भाजपा के टिकट पर ही ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी ने साल 1991 में चुनाव लड़ा था। ‘रामायण’ की ‘सीता’ यानी दीपिका चिखलिया ने भी भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इसी के साथ दारा सिंह भी भाजपा के साथ जुड़े और 2003 से 2009 तक राज्यसभा के नामित सदस्य रहे।

आपको बता दें, कोरोना वायरस की वजह से पिछले साल देश में लगे लॉकडाउन लागू होने के बाद केंद्र सरकार ने दूरदर्शन पर रामायण सीरियल का फिर से प्रसारण शुरू किया था और इस दौरान अरुण गोविल चर्चा में रहे थे।