दिग्विजय सिंह ने की अमित शाह की तारीफ, बताया RSS ने कैसे मुश्किल समय में की थी मदद

बीजेपी और संघ के सबसे बड़े आलोचक माने जाने वाले कांंग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का हृदय परिवर्तन हुआ है. एक कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह और संघ की जमकर तारीफ की है.

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा पर लिखी गई किताब ‘नर्मदा में पथिक’ का विमोचन विधानसभा में किया गया। इस दौरान उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और संघ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने दोनों का शुक्रिया अदा किया है।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि मुझे मंडला के रेस्ट हाउस में देर रात सोते समय अनुभूति हुई कि नर्मदा परिक्रमा की जाए। मेरे विचार थे कि नर्मदा परिक्रमा हेलीकॉप्टर या कार से नहीं बल्कि पैदल की जाए। इस यात्रा के दौरान हजारों लोगों का उन्हें सहयोग मिला। दिग्विजय सिंह ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नर्मदा तट के लोगों के पास खाना नहीं होगा लेकिन इतना प्यार मिलेगा कि वो मांग कर आपको खाना खिलाएंगे।

1 1

दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि नर्मदा परिक्रमा के दौरान उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री से खूब सहयोग मिला। अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि मेरी यात्रा में कोई विघ्न ना आए। परिक्रमा के दौरान गुजरात के जंगल से निकलते वक्त अमित शाह ने हमारे खाने और रहने की व्यवस्था की थी।

वहीं दिग्विजय सिंह इस दौरान RSS की तारीफ में कहा कि मैं संघ का आलोचक हूं लेकिन मुझे यात्रा के दौरान संघ से जुड़े लोग मिलने आते थे। गुजरात में संघ से जुड़ी धर्मशाला में ही मेरे रुकने की व्यवस्था की गई। राज्यसभा सांसद ने कहा कि धर्म और राजनीति अलग हैं। मैंने यात्रा के दौरान सबका सहयोग लिया।

दिग्विजय सिंह लगातार जिस तरह से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस की आलोचना करते हैं। उनका उनका यूं दिल खोलकर तारीफ करना सभी को हैरान कर गया।