Placeholder canvas

IND vs SL : संजू सैमसन की चूक से गंवाए 4 रन, फिर कप्तान रोहित शर्मा ने ऐसे जताई अपनी नाराजगी; देखें Video

भारत के कप्तान रोहित शर्मा टीम इंडिया को जीत की राह पर लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। रविवार को धर्मशाला में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले के दौरान एक ऐसा क्षण आया जब रोहित शर्मा विकेट कीपर संजू सैमसन पर नाराजगी व्यक्त करते दिखाई दिए।

तेज गेंदबाज हर्षल पटेल की एक गेंद को संजू सैमसन काफी उछलने के बाद भी नहीं पकड़ पाए और गेंद बाई के 4 रन के लिए सीमा पार चली गई। इसके बाद भारत के कप्तान रोहित शर्मा संजू सैमसन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नजर आए। रोहित शर्मा इस दौरान हाथ से इशारा करने लगे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

गेंद को जज नहीं कर पाए सैमसन चली गई बाउंड्री पार

आपको बता दें, तीसरे और अंतिम टी-20 मैच में ये वाकया श्रीलंका की पारी के 16 वें ओवर का है। इस दौरान हर्षल पटेल गेंदबाजी कर रहे थे। हर्षल पटेल की 131 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी गई गेंद जब विकेटकीपर संजू सैमसन के पास पहुंची तो वे उस गेंद को ठीक से भांप नहीं पाये और गेंद उनके ग्लब्स को छूते हुए सीमा रेखा के पार चली गई।

विंडीज के खिलाफ भी खराब फील्डिंग करने पर खिलाड़ियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नजर आए थे कप्तान रोहित

Rohit Sharma

गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ भी भारत के कप्तान रोहित शर्मा उस वक्त गुस्से में दिखाई दिए थे। जब भारत के तेज गेंदबाज भुनेश्वर कुमार ने अपने ही गेंद पर कैच पकड़ने की कोशिश करते हुए गेंद को छोड़ दिया था। भुवनेश्वर से कुछ ही दूरी पर फील्डिंग कर रहे रोहित शर्मा ने गुस्साते हुए गेंद को लात मार दी थी।

इसके अतिरिक्त रोहित शर्मा चहल को मस्ती भरे लहजे में डांटते भी देखे गए थे। उन्होंने टीम के लेग स्पिनर यजुवेंद्र चहल से कहा था कि चल भाग यहां से, उधर जाकर खड़ा हो। रोहित शर्मा का यह वीडियो भी जमकर वायरल हो गया था।