Placeholder canvas

क्या मुंबई के लिए बंद हो गए प्लेऑफ के दरवाजे? चौथे नंबर के लिए करना होगा 2014 वाला कमाल

आईपीएल 2021 अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। एक तरफ जहां चेन्नई, दिल्ली और आरसीबी की टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी है तो वहीं चौथे स्थान के लिए कोलकाता, मुंबई, राजस्थान और पंजाब के बीच रेस चल रही है। फिलहाल नेट रन रेट के मामले में कोलकाता सबसे आगे है और अगर वह अपने दोनों मैच जीतती है तो आसानी से चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी। इसके अलावा बाकी तीन टीमें अपने प्रदर्शन के साथ-साथ किस्मत पर भी निर्भर रहेंगी। जबकि हैदराबाद प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

बात अगर मुंबई इंडियंस की करें तो अंकतालिका की मौजूदा स्थिती के अनुसार प्लेऑफ में पहुंचना बहुत मुश्किल हो चुका है। मुंबई ने इस आईपीएल सीजन में 12 मैच खेले हैं, जिसमें पांच में जीत तो वहीं सात में हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस के अभी कुल 10 अंक है और नेट रन रेट -0.453 है, यह बाकी तीन टीमों से कम है, जो चौथे स्थान में पहुंचने के लिए मुंबई के साथ जूझ रही हैं। मुंबई इंडियंस की टीम प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है।

1 12

मुंबई इंडियंस को बाकी दो मैच राजस्थान और हैदराबाद के खिलाफ हैं और चौथे स्थान में पहुंचने के लिए मुंबई को ये दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ का टिकट मिलना राजस्थान और कोलकाता के मुकाबले पर भी निर्भर करता है। सबसे पहले मंगलवार को मुंबई को राजस्थान को हराना होगा।

इसके बाद उसे उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान की टीम अपने अगले मैच में कोलकाता के खिलाफ जीत जाए। इस तरह से मुंबई की टीम बिना रन रेट के झंझट में पड़कर प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई कर सकती है। अगर अंत में रन रेट पर ही बात आती है तो मुंबई (-0.453) के हालात इतने बेहतर नजर नहीं आते हैं।

गौरतलब है कि साल 2014 मे भी मुंबई इंडियंस कुछ ऐसी ही स्थिति में थी, जब उसे शुरुआती मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि सीजन के आखिरी लीग मैच के दौरान मुंबई इंडियंस का राजस्थान के खिलाफ मैच था। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम को 14.3 ओवर में जीत हासिल करनी थी क्योंकि मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जरूरी था। इस मैच में राजस्थान ने 189 रन बनाए। इसके बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने 14.3 ओवर में इस लक्ष्य को पूरा कर लिया और प्लेऑफ का टिकट कटा लिया।