Placeholder canvas

7वीं बार नीतीश कुमार ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, बिहार को मिले दो उपमुख्यमंत्री

हाल ही में बिहार में विधानसभा चुनाव हुए थे और इन विधानसभा चुनाव में NDA सरकार की जीत हुई। जिसके बाद आज बिहार में नीतीश कुमार ने एक बार फिर सीएम पद की शपथ ली।

बिहार में नीतीश कुमार ने आज 7वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं नीतीश कुमार के साथ कुछ मंत्रियों ने भी शपथ ली। नीतीश कुमार के साथ-साथ राज्यपाल फागू चौहान ने तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।

इसी के साथ जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली है। विजेंद्र यादव और मेवालाल चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। HAM कोटे से जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने मंत्री पद की शपथ ली है। VIP के कोटे से पार्टी चीफ मुकेश सहनी ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। मुकेश सहनी सन ऑफ मल्लाह के रूप में जाने जाते हैं। वहीं दूसरी ओर बीजेपी के मंगल पांडे और अमरेंद्र प्रताप सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।

वहीं इस शपथग्रहण समारोह में गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस और आरजेडी ने शपथग्रहण समारोह का बहिष्कार किया।

आपको बता दें, इससे पहले  नीतीश कुमार 6 बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। पहली बार नितीश 2000 को मुख्यमंत्री बने थे इसके बाद 2005 में उन्हें प्रदेश का मुख्यमंत्री चुना गया। उन्होंने अपना यह कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के रूप में उनका तीसरा कार्यकाल 26 नवंबर, 2010 से 20 मई 2014 तक चला। वहीं इसके बाद 22 फरवरी 2015 को नीतीश कुमार ने चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

यानी बिहार की 15वीं विधानसभा में तीन बार सीएम पद की शपथ दिलाई गई, पहले नीतीश कुमार को फिर जीतन राम मांझी को और फिर वापस नीतीश कुमार को। नीतीश कुमार का चौथा कार्यकाल 22 फरवरी से 20 नवंबर 2015 तक चला।

16वीं विधानसभा के लिए हुए चुनावों के बाद नीतीश कुमार ने पांचवी बार सीएम पद की शपथ ली। इसके बाद नीतीश कुमार का पांचवा कार्यकाल 20 नवंबर 2015 से लेकर 26 जुलाई 2017 तक चला। 26 जुलाई 2017 को उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। 27 जुलाई 2017 को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के 24 घंटे के बाद नीतीश कुमार ने बीजेपी और एनडीए के समर्थन से बिहार के 6वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। और अब आज उन्होंने 7वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपध ली है।