Placeholder canvas

अभी-अभी: PM मोदी ने किया 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का ऐलान,17 मई के आगे भी जारी रहेगा लॅाकडाउन

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। वहीं इस बीच पीएम मोदी ने आज देश को संबोधित किया। इस दौरन उन्होंने 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया साथ ही लॉकडाउन को लेकर भी एक अहम जानकारी दी।

पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए साथियों, एक वायरस ने दुनिया को तहस-नहस कर दिया है। विश्व भर में करोड़ों जिंदगियां संकट का सामना कर रही हैं। सारी दुनिया, जिंदगी बचाने की जंग में जुटी है लेकिन थकना, हारना,  टूटना-बिखरना, मानव को मंजूर नहीं है। सतर्क रहते हुए, ऐसी जंग के सभी नियमों का पालन करते हुए,अब हमें बचना भी है और आगे भी बढ़ना है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब हम इन दोनों कालखंडो को भारत के नजरिए से देखते हैं तो लगता है कि 21वीं सदी भारत की हो, ये हमारा सपना नहीं, ये हम सभी की जिम्मेदारी है। विश्व की आज की स्थिति हमें सिखाती है कि इसका मार्ग एक ही है आत्मनिर्भर भारत। एक राष्ट्र के रूप में आज हम एक बहुत ही अहम मोड़ पर खड़े हैं। इतनी बड़ी आपदा, भारत के लिए एक संकेत लेकर आई है, एक संदेश लेकर आई है, एक अवसर लेकर आई है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना संकट शुरु हुआ, तब भारत में एक भी पीपीई (PPE) किट नहीं बनती थी।  एन-95 मास्क का भारत में नाममात्र उत्पादन होता था। आज स्थिति ये है कि भारत में हर रोज  2 लाख PPE और 2 लाख एन-95 मास्क बनाए जा रहे हैं।

इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि विश्व के सामने भारत का मूलभूत चिंतन, आशा की किरण नजर आता है। भारत की संस्कृति, भारत के संस्कार, उस आत्मनिर्भरता की बात करते हैं जिसकी आत्मा वसुधैव कुटुंबकम है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जब आत्मनिर्भरता की बात करता है, तो आत्मकेंद्रित व्यवस्था की वकालत नहीं करता। भारत की आत्मनिर्भरता में संसार के सुख,सहयोग और शांति की चिंता होती है।

वहीं पीएम मोदी ने कहा कि हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं,जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपए का है। ये पैकेज भारत की GDP का करीब-करीब 10 प्रतिशत है

पीएम मोदी ने कहा कि इन सबके जरिए देश के विभिन्न वर्गों को, आर्थिक व्यवस्था की कड़ियों को, 20 लाख करोड़ रुपए का संबल मिलेगा, सपोर्ट मिलेगा। 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में देश की विकास यात्रा को, आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा।

अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए, इस पैकेज में Land,Labour,Liquidity और  Laws,सभी पर बल दिया गया है। ये आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, गृह उद्योग, हमारे लघु-मंझोले उद्योग, हमारे MSME के लिए है, जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन है, जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है।

वही पीएम मोदी ने लॉकडाउन का चौथा चरण, को लेकर कहा कि लॉकडाउन 4, पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा, नए नियमों वाला होगा। राज्यों से हमें जो सुझाव मिल रहे हैं, उनके आधार पर लॉकडाउन 4 से जुड़ी जानकारी भी आपको 18 मई से पहले दी जाएगी।

आपको बता दें, इससे पहले पीएम मोदी ने कोरोना वायरस के कारण देश को लॉकडाउन करने का ऐलान किया था। इस कोरोना वायरस से अभी तक 2 हज़ार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है साथ ही 72 हज़ार से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।