skip to content

कोरोना की चपेट में आए रॉबर्ट वाड्रा, आइसोलेशन में गयी प्रियंका गांधी, चुनावी सभाएं करी रद्द

भारत में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ते ही जा रहे हैं। वहीं इस बीच खबर है कि देश के जाने माने बिजनेसमैन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा का कोरोना ने अपनी चेपट में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है लेकिन प्रियंका गांधी की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। वहीं प्रियंका गांधी ने वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि रॉबर्ट के पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैंने अपना असम का दौरा रद्द कर दिया है। मैं अब आइसोलेशन में रहूंगी और इस बात की जानकारी प्रियंका गांधी ने एक वीडियो शेयर करके दी है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा, ‘’हाल में कोरोना संक्रमण के संपर्क में आने के चलते मुझे अपना असम, तमिलनाडु और केरल का दौरा रद्द करना पड़ रहा है। मेरी कल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर मैं अगले कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहूंगी। इस असुविधा के लिए मैं आप सभी से क्षमाप्रार्थी हूं। मैं कांग्रेस विजय की प्रार्थना करती हूं।’’

प्रियंका गांधी असम में तीन सभाएं करने वाली थीं। प्रियंका दोपहर 12 बजे गोलपारा पूर्व में, दोपहर डेढ़ बजे गोलकगंज में और दोपहर साढ़े तीन बजे सरुखेत्री में जनसभा करने वाली थीं। लेकिन कोरोना वायरस की वजह से उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया है।

आपको बता दें, पिछले कुछ समय से देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते ही जा रहे हैं। हाल ही में देश में 81 हजार 466 नए केस दर्ज हुए हैं, जो बीते छह महीनों में सबसे ज्यादा हैं। नए मामले सामने आने के बाद अब देश में संक्रमितों की कुल संख्या एक करोड़ 23 लाख 3 हजार 131 हो गई है। वहीं दुनियाभर के देशों में अभी तक इस वायरस से 28 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है साथ ही 13 करोड़ से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।